रांची: झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 26 क्विंटल प्रतिबंधित मांस बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से तीन आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ वाहन प्रतिबंधित मांस की ढुलाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही लोअर बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने तीन वाहनों को रोका। जांच के दौरान वाहनों में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मांस पाया गया।
पुलिस ने मौके पर ही मांस को जब्त कर लिया और वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। पकड़े गए चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह प्रतिबंधित मांस कहां से लाया जा रहा था और किसे सप्लाई किया जाना था।
रांची एसपी पारस राणा ने बताया कि यह कार्रवाई प्रतिबंधित मांस के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में एक अहम कदम है।

