धनबाद (झारखंड):
धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए हो रहे चुनाव में स्क्रूटनी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जांच के बाद कुल 33 में से 3 उम्मीदवारों के नामांकन रद्द कर दिए गए हैं, जबकि 30 प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए हैं। इसके साथ ही मेयर चुनाव की तस्वीर अब और भी दिलचस्प हो गई है।
स्क्रूटनी प्रक्रिया सामान्य प्रेक्षक रोबिन टोप्पो की मौजूदगी में निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी बाल किशोर महतो एवं विशाल कुमार पांडेय द्वारा पूरी कराई गई। सभी नामांकन पत्रों की नियमों के तहत गहन जांच की गई।
जांच के दौरान अखिलेश्वर महतो, डॉ. सुशील कुमार और पुष्पा कुमारी के नामांकन वैध नहीं पाए गए, जिसके चलते उन्हें चुनावी दौड़ से बाहर कर दिया गया। अब शेष 30 प्रत्याशी मेयर पद के लिए चुनावी मैदान में बने हुए हैं।
अब सबकी नजरें नाम वापसी की प्रक्रिया पर टिकी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस चरण के बाद उम्मीदवारों की संख्या और कम हो सकती है, जिससे मुकाबला और साफ होगा।
धनबाद में मेयर पद के लिए मुकाबला बहुकोणीय होता जा रहा है और आने वाले दिनों में प्रचार अभियान तेज होने की संभावना है।

