धनबाद : धनबाद विधायक और विधानसभा सचेतक राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर नगर निगम क्षेत्र की 38 महत्वपूर्ण सड़कों की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि धनबाद नगर निगम के कुल 52 वार्डों में से 38 प्रमुख सड़कें पिछले छह वर्षों से ACB जांच लंबित रहने के कारण जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पड़ी हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी और दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
विधायक ने मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच पूरी न होने और अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी न होने के कारण इन सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ACB धनबाद के पुलिस अधीक्षक द्वारा पत्रांक 844, दिनांक 21.11.2025 के माध्यम से पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, झारखंड रांची से P.E संख्या 01/2020 (दिनांक 07.08.2020) का अद्यतन प्रतिवेदन मांगा गया है। रिपोर्ट उपलब्ध न होने के कारण निर्माण कार्य अटका हुआ है। इस पत्र की प्रति भी विधायक ने मुख्यमंत्री को सौंप दी।
राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि धनबाद की जनता को राहत देने के लिए ACB जांच से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कराते हुए 38 जर्जर सड़कों के निर्माण को अविलंब शुरू कराया जाए। उन्होंने इस विषय पर विस्तृत लिखित पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा।

