गोरखपुर जिले में सुरेंद्र यादव की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और मुख्य मार्ग को घंटों जाम रखा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में लिया और अब नौ नामजद समेत कुल 34 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
️ मौत के बाद भड़का गुस्सा
मिली जानकारी के अनुसार, सैरो बनटोला निवासी 55 वर्षीय सुरेंद्र यादव की छह नवंबर को हुई मारपीट के बाद इलाज के दौरान शनिवार रात मौत हो गई थी। इस घटना के बाद रविवार को परिजन और ग्रामीण खजनी–सिकरीगंज मार्ग पर एक घंटे तक जाम लगाए रहे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि सुरेंद्र की मौत हमले के दौरान लगी गंभीर चोटों से हुई है। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किए दो केस
बांसगांव थाना पुलिस ने सुरेंद्र की पत्नी संगीता देवी की तहरीर पर परशुराम यादव, मुन्नी देवी, गीता देवी समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और हमले का मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं, हरनहीं चौकी प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह की शिकायत पर प्रदर्शन करने वाले लोगों के खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया है। इसमें आलोक, संगीता, विरेंद्र, सीयाराम, मोनू, सोनू, निरहु, झिनकोला, अजीत यादव और 25 अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है।
इन पर दंगा फैलाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और आवागमन रोकने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस जांच जारी
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी गई है। मौके से मिले साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

