रांची:
राजधानी रांची में साइबर अपराधियों ने एक युवक के व्यक्तिगत दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर उसके नाम पर लाखों रुपये का फर्जी लोन ले लिया। मामला सामने आने के बाद पीड़ित ने साइबर थाना रांची में शिकायत दर्ज कराई है।
दस्तावेजों से लिया ₹24 लाख से अधिक का लोन
पीड़ित हिनू निवासी अविनाश कुमार ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके पैन कार्ड, वोटर आईडी, जन्म तिथि और पते का दुरुपयोग कर ₹24,94,118 (चौबीस लाख चौरानवे हजार एक सौ अठारह रुपये) का पर्सनल लोन उनके नाम पर ले लिया।
बैंक कॉल से खुला फर्जीवाड़ा
अविनाश को इस धोखाधड़ी की जानकारी तब हुई जब बैंक से ईएमआई भुगतान के लिए कॉल आया। इसके बाद उन्होंने बैंक अधिकारियों से संपर्क किया, तो पता चला कि यह लोन एचडीएफसी बैंक, जमशेदपुर शाखा से लिया गया है।
मोबाइल हैक कर किया गया डाटा का दुरुपयोग
बैंक जांच में सामने आया कि अपराधियों ने अविनाश का मोबाइल फोन हैक कर उनके व्यक्तिगत डाटा और दस्तावेजों का दुरुपयोग किया। बिना ओटीपी मांगे लोन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
पुलिस कर रही है जांच
अविनाश ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत रांची साइबर थाना में दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर ठगों की पहचान में जुट गई है।

