पोटका (झारखंड): झारखंड के पोटका थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब पत्थर खदान में काम कर रहे दो मजदूर हाईवा वाहन की चपेट में आने से मौत का शिकार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खनन कार्य समाप्त होने के बाद खदान से बोल्डर लेकर जा रहा हाईवा अचानक तकनीकी खराबी के कारण अनियंत्रित हो गया और पलट गया। वाहन पलटने से दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए।
सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और खदान संचालक से भी पूछताछ की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खदानों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

