धनबाद: बेलगड़िया टाउनशिप के निवासियों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने अपने कार्यालय में आदित्य बिड़ला ग्रुप के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बेलगड़िया के पास उद्योग स्थापित करने की योजना पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ना है। योजना के प्रथम चरण में 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 500 से 600 युवाओं को प्रशिक्षण देकर उद्योग में रोजगार प्रदान किया जाएगा। इसके लिए संभावित युवाओं का शैक्षणिक प्रोफाइल भी तैयार किया जा चुका है।
उपायुक्त ने बताया कि शुरुआत में एक छोटा उद्योग स्थापित किया जाएगा, जिसके सफल संचालन के बाद बड़े उद्योग की स्थापना की जाएगी। इससे बेलगड़िया और आसपास के अधिक से अधिक विस्थापित एवं स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
बैठक के दौरान आदित्य बिड़ला ग्रुप के प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्होंने उड़ीसा में कटक और भुवनेश्वर के बीच स्थापित अपने उद्योग के माध्यम से चार से पांच हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है। इसके अलावा बिहार के बेगूसराय में भी एक औद्योगिक परियोजना अंतिम चरण में है, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
योजना को जल्द लागू करने के लिए उपायुक्त ने झारखंड पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (JRDA) को स्थानीय युवाओं के शैक्षणिक प्रोफाइल का पुनः सर्वे करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को प्रशिक्षण और रोजगार का लाभ मिल सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, डीआरडीबी के निदेशक राजीव रंजन, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के निदेशक (तकनीकी) संजय कुमार सिंह, आदित्य बिड़ला ग्रुप के प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट अफेयर्स) के.वी. सुनील कुमार, असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट मुकेश मेहता, के.के. विजय कुमार सहित जेआरडीए और बीसीसीएल के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस पहल से बेलगड़िया क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

