धनबाद/कतरास: बाघमारा अनुमंडल के तेतुलमारी थाना क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और भंडारण का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक कोयला माफिया खुलेआम अवैध मुहाने और डिपो संचालित कर रहे हैं। इन गतिविधियों ने न केवल स्थानीय प्रशासन बल्कि BCCL (भारतीय कोकिंग कोल लिमिटेड) और CISF (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खदानों के भीतर और बाहर दोनों जगहों पर अवैध खनन का खेल तेज़ी से चल रहा है। यह स्थिति साफ इशारा करती है कि या तो निगरानी तंत्र पूरी तरह फेल हो चुका है या फिर कहीं न कहीं मिलीभगत का जाल फैला हुआ है।
जिला परिषद सदस्य इसराफिल लाला ने हाल ही में इस मामले को खुलकर उठाया है। उन्होंने तेतुलमारी रेलवे पुल के पास जिप मार्केट के पीछे अशोक नामक व्यक्ति द्वारा संचालित अवैध कोयला भंडारण की शिकायत जिला प्रशासन से की थी। कार्रवाई के बाद कुछ समय के लिए स्टॉक बंद करवाया गया, लेकिन मात्र एक सप्ताह बाद ही उसी स्थान पर दोबारा अवैध भंडारण शुरू हो गया। इससे प्रशासनिक कार्रवाई की गंभीरता पर सवाल उठ खड़ा हुआ है।
सोमवार को इसराफिल लाला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर नया खुलासा किया। वीडियो में तेतुलमारी के मैगजीन हाउस के पीछे बंद पड़े बीसीसीएल मुहाने को मजदूरों द्वारा पंप मशीन से पानी सुखाते हुए देखा जा सकता है। आरोप है कि डीके और रिंकू नामक व्यक्ति इस मुहाने को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश में लगे हैं। वीडियो में दर्ज दृश्य इस बात की पुष्टि करते हैं कि इलाके में अवैध खनन खुलेआम जारी है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि ये अवैध गतिविधियाँ प्रशासन की आंखों के सामने चल रही हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर बीसीसीएल और सीआईएसएफ जैसे संस्थान इस सब पर खामोश क्यों हैं।

