नियामतपुर : आसनसोल के नियामतपुर इलाके में धर्मशाला के पास एक डंपर ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए सड़क को जाम कर दिया। इससे क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में डंपरों के आवागमन के लिए कोई तय समय सीमा नहीं है। दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि डंपर संचालन के लिए नो-एंट्री समय निर्धारित किया जाए और चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, प्रदर्शनकारियों को समझाया और यातायात को पुनः बहाल कराया। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

