अमरोहा: मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र से कुछ दिन पहले चोरी हुई एटीएम मशीन को बदमाश अमरोहा जिले के रजबपुर थाना क्षेत्र स्थित अतरासी गांव के जंगल में फेंककर फरार हो गए। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में मशीन देखी तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीओ अभिषेक यादव मौके पर पहुंचे। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बदमाश हाईवे से कार के जरिए टोल प्लाजा होते हुए जंगल तक पहुंचे थे। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने टोल प्लाजा से रात 3 बजे से 4:30 बजे तक की डेढ़ घंटे की सीसीटीवी फुटेज हासिल कर ली है, ताकि बदमाशों की गाड़ी और उनकी पहचान की पुष्टि की जा सके।
अमरोहा पुलिस ने इस मामले में तीन विशेष टीमें बनाई हैं, जो अलग-अलग रूट—अतरासी से अमरोहा, अतरासी से हसनपुर एवं हाईवे के प्रमुख प्वाइंट—पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही हैं। इसके अलावा गजरौला चौपला और गढ़ टोल प्लाजा की भी फुटेज जुटाई गई है।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बदमाश एटीएम को जंगल में छोड़कर संभवतः अमरोहा की ओर भागे या पुलिस को भ्रमित करने के लिए रास्ता बदला। पुलिस सभी संभावनाओं की जांच कर रही है।
सीओ अभिषेक यादव के अनुसार, “अलग-अलग स्थानों से ली गई सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है। तीन टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं और जल्द ही बदमाशों तक पहुंचने की उम्मीद है।”

