भदोही, यूपी: सोमवार सुबह भदोही जिले के औराई क्षेत्र में स्थित एक डाइंग प्लांट में दर्दनाक हादसा हो गया। खौलते हुए केमिकल टैंक में गिरने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद प्लांट परिसर में भगदड़ मच गई और मजदूरों में भारी आक्रोश देखा गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल मजदूर को औराई चौराहे के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। एसडीएम भदोही भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और कहा जा रहा है कि प्लांट की सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जाएगी।
नाबालिग लड़की के अपहरण मामले में आरोपी का शव तालाब से बरामद
भदोही जिले से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। नाबालिग लड़की के अपहरण के आरोपी सूर्यभान का शव रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में चकवा महावीर क्षेत्र के तालाब से मिला।
पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। इससे एक दिन पहले तालाब के पास उसकी पैंट, बेल्ट, आधार कार्ड और एक कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ था।
घटना में लापरवाही के आरोप में संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि 1 नवंबर को एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सूर्यभान ने उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण किया है। 19 नवंबर को पुलिस ने लड़की और आरोपी दोनों को बरामद कर लिया था। नाबालिग पीड़िता को मेडिकल जांच के बाद वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया था।

