झारखंड में नगर निकाय चुनाव से पहले सरायकेला-खरसावां पुलिस ने कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए बड़ा एक्शन लिया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रातभर चले विशेष अभियान में पुलिस ने 9 फरार आरोपियों और वारंटियों को गिरफ्तार किया है।
यह अभियान एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला और चांडिल के नेतृत्व में चलाया गया। सभी थाना प्रभारियों और अंचल निरीक्षकों की निगरानी में अलग-अलग छापामारी दल बनाए गए थे, जिन्होंने एक साथ कई इलाकों में कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी, अवैध खनन, उत्पाद अधिनियम, हत्या और नक्सल मामलों से जुड़े हैं। कुछ आरोपी हाल के केस में वांछित थे, जबकि कई पुराने मामलों में गैर-जमानती वारंटी थे, जिनकी तलाश लंबे समय से चल रही थी।
गिरफ्तार किए गए लोग गम्हरिया, आदित्यपुर, चांडिल, कपाली, सरायकेला और चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें कुछ मामलों की तारीख 2012 से लेकर 2026 तक की है, जिससे साफ है कि पुलिस पुराने लंबित मामलों पर भी अब सख्ती से कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में शांति और निष्पक्षता बनाए रखना प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में भी अपराधियों की धर-पकड़ और निगरानी अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि चुनाव के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित किया जा सके।

