नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में हुए भीषण धमाके की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी एक महिला कमांडर डॉ. शाहीन शाहिद इस साजिश की मास्टरमाइंड थी। वह पिछले दो साल से भारत में विस्फोटक सामग्री जमा कर रही थी और आतंकी नेटवर्क के जरिए इसे सक्रिय करने की तैयारी में थी।
इस ब्लास्ट में अब तक 10 लोगों की मौत और 24 लोग घायल हुए हैं। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के कई वाहनों में आग लग गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के मुताबिक, शाहीन शाहिद को एजेंसियों ने ब्लास्ट से पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि वह अपने सहयोगियों के साथ भारत में एक बड़े आतंकी हमले की योजना बना रही थी।
एजेंसियों को उसके ठिकानों से रासायनिक पदार्थ, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, और कई शहरों के नक्शे बरामद हुए हैं। इससे यह साफ होता है कि साजिश बेहद गहरी थी।
एनआईए (NIA) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस मॉड्यूल को फंडिंग कहां से मिल रही थी और भारत में इसके अन्य सदस्य कौन हैं।

