बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए आज 14 नवंबर 2025 को 243 सीटों की मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सबसे पहले पोस्टल बैलट की गिनती की जा रही है, जिसे लगभग 8:30 बजे तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद EVM के सील्ड पैनल खोले जाएंगे और शुरुआती रुझान सामने आने लगेंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, हर राउंड में 14 EVM की गिनती होगी और प्रत्येक काउंटिंग सेंटर पर 14 टेबल तैयार की गई हैं। अनुमान है कि आज सबसे पहला परिणाम बरबीघा विधानसभा सीट से मिल सकता है।
बिहार के 38 जिलों में कुल 46 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। दोपहर तक करीब 2,616 उम्मीदवारों के भविष्य की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी। इन प्रत्याशियों में मौजूदा सरकार के 29 मंत्री और अनंत सिंह समेत कई चर्चित चेहरे शामिल हैं।
सुरक्षा के मोर्चे पर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
मोतिहारी के काउंटिंग सेंटर के बाहर वाटर कैनन तैनात किया गया है।
पटना में मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।
सभी मतगणना केंद्रों पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
इस बार दो चरणों में हुए चुनाव में रिकॉर्ड 67.10% मतदान दर्ज किया गया—जो 2020 की तुलना में लगभग 10% अधिक है। अधिक मतदान के कारण रुझानों को लेकर जनता और राजनीतिक दलों में खास उत्सुकता बनी हुई है।

