धनबाद: झरिया–सिंदरी मुख्य मार्ग पर वर्षों से खड़ा ब्रिटिशकालीन अनुपयोगी रोपवे आखिरकार हटा दिया गया है। यह कार्रवाई धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर की गई। प्रशासन ने इसे सड़क सुरक्षा के लिहाज़ से बड़ा कदम बताया है।
करीब 30–40 सालों से बेकार पड़ा यह लोहे का ढांचा जर्जर हालत में था और कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था। पहले इसका उपयोग अंग्रेजी शासनकाल में सैंड फिलिंग के लिए किया जाता था। बाद में बीसीसीएल ने भी कुछ समय तक इसका इस्तेमाल किया, लेकिन लंबे समय से यह पूरी तरह निष्क्रिय था।
हाल ही में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीसी ने सड़क किनारे मौजूद सभी खतरनाक और अनुपयोगी संरचनाओं को हटाने का आदेश दिया था। इसी क्रम में विशेष टीम ने जीपीएस युक्त फोटो के साथ रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को सौंपी।
इसके बाद बुधवार को दो क्रेन और स्थानीय पुलिस की मदद से इस पुराने रोपवे को सुरक्षित तरीके से हटा दिया गया। ढांचा हटने के बाद अब झरिया–सिंदरी रोड पर यातायात पहले से ज्यादा सुगम और सुरक्षित हो गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी जिलेभर में ऐसी सभी खतरनाक संरचनाओं को चिन्हित कर हटाने का अभियान जारी रहेगा।

