24.7 C
Jharkhand
Saturday, November 8, 2025

स्टेशनों पर गूंज उठे छठ के गीत, यात्रियों में उमंग और श्रद्धा का माहौल

 

धनबाद| लोक आस्था के महापर्व छठ का रंग अब रेलवे स्टेशनों पर भी चढ़ने लगा है। इस बार भारतीय रेल ने एक अनोखी पहल करते हुए देशभर के 30 से अधिक प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के प्रसिद्ध गीतों को स्टेशन उद्घोषणा प्रणाली में शामिल किया है। जैसे ही ट्रेनें प्लेटफॉर्म पर पहुंचती हैं, उद्घोषणाओं के बीच “मंगीला हम वरदान हे गंगा मइया”, “काँच ही बाँस के बहंगिया”, और “केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव” जैसे भक्ति गीत गूंजने लगते हैं। यह नजारा यात्रियों के लिए एक यादगार और भावनात्मक अनुभव बन गया है।

रेलवे की इस पहल से यात्रियों में खासकर महिलाओं के बीच अपार खुशी देखी जा रही है। कई महिला यात्री गीतों को सुनते हुए खुद भी गुनगुनाती नज़र आ रही हैं। छठ गीतों की यह मधुर धुन न केवल यात्रा का माहौल भक्तिमय बना रही है, बल्कि यात्रियों को बिहार और उत्तर भारत की सोंधी सांस्कृतिक विरासत से भी जोड़ रही है।

भारतीय रेल ने इस वर्ष छठ पर्व को और खास बनाने के लिए यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन किया है। इसके अलावा हजारों नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं ताकि लोगों को अपने घर सुरक्षित और समय पर पहुंचने में कोई कठिनाई न हो।

छठ पूजा के दौरान बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली जैसे राज्यों से लाखों लोग अपने घर लौटते हैं। इस बीच रेलवे की यह पहल न केवल यात्रा को आनंदमय बना रही है, बल्कि घाटों की ओर बढ़ते उन गीतों की याद भी ताजा कर रही है, जब महिलाएं समूह में छठी मैया के गीत गाते हुए सूर्य देव से आशीष मांगती हैं।

इन गीतों की गूंज इस समय कोलकाता, नई दिल्ली, आनंद विहार, आसनसोल, गोरखपुर, रांची, पटना, दानापुर, राजेंद्र नगर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, हाजीपुर, सोनपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सहरसा, जमालपुर, मुंगेर, कटिहार, नरकटियागंज, मोतिहारी समेत कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुनाई दे रही है।

भारतीय रेल की यह सांस्कृतिक पहल यात्रियों के दिलों को छू रही है। छठ पर्व की यह सुरीली शुरुआत अब स्टेशनों से होकर पूरे देश में श्रद्धा और आस्था का संदेश फैला रही है।

संबंधित स्टोरीज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ट्रेंडिंग न्यूज़