चंद्रपुरा। चंद्रपुरा प्रखंड के मध्य विद्यालय चंदनाबाद में वार्षिक उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के दौरान रंगारंग गीत-संगीत प्रस्तुतियों के साथ बाल पास दौड़, भाषण प्रतियोगिता, लोक नृत्य और विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। स्कूल के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपना उत्कृष्ट कौशल प्रदर्शित किया।
भाषण प्रतियोगिता में प्रेम कुमार प्रथम और नैतिक कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। लोक नृत्य में साक्षी ने प्रथम, विद्या कुमारी ने द्वितीय और रानी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर बालक वर्ग दौड़ में मनदीप कुमार प्रथम और कृष्णा कुमार द्वितीय रहे। बाल पास दौड़ में आरुषि कुमारी प्रथम, यमुना एवं साक्षी संयुक्त रूप से द्वितीय और सजुं कुमारी तृतीय रहीं। वहीं प्रश्न मंच प्रतियोगिता में कुमकुम कुमारी अव्वल रहीं।
प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को कुरुंबा पंचायत के पूर्व मुखिया अर्जून रजक द्वारा कलम और कापी देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि “यह पुरस्कार बच्चों की मेहनत का परिणाम है। मन लगाकर पढ़ाई करेंगे तभी विकास होगा। पढ़ाई के साथ खेलकूद भी उतना ही जरूरी है, क्योंकि इससे शारीरिक और मानसिक विकास होता है।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य रंजीत कुमार ने बताया कि स्कूल समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है, ताकि बच्चों की प्रतिभा निखर सके और उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में शिक्षक दीपक प्रसाद, कुमारी किरण, भगतु हजाम, अर्जून महतो, कैलाश गिरी, रतिलाल महतो, विनोद कुमार मिश्र, पूजा कुमारी सहित कई अभिभावक उपस्थित थे।

