जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर सोमवार सुबह अचानक एक सीएनजी ऑटो में आग लग गई। आग लगने के कुछ ही क्षण बाद ऑटो में लगातार दो जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कीताडीह निवासी चालक पवन राय यात्रियों को लेकर स्टेशन की ओर जा रहा था। रास्ते में राहगीरों ने ऑटो के नीचे से चिंगारी निकलते हुए देखी और तुरंत चालक को सावधान किया। चेतावनी मिलते ही ऑटो से धुआँ उठने लगा और आग भड़क गई।
सौभाग्य की बात रही कि आग लगते ही चालक और सभी यात्री समय रहते ऑटो से उतरकर सुरक्षित स्थान पर हट गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग भड़कने पर सीएनजी सिलेंडर फटने से तेजी से दो धमाके हुए, जिनकी आवाज दूर तक सुनाई दी।
सूचना मिलते ही पीसीआर वैन, आरपीएफ, जीआरपी और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुँची और आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जाँच कर रहे हैं।
इससे पहले भी शनिवार को स्टेशन के बाहर एक कार में आग लगने की घटना सामने आई थी।

