झरिया : केंद्र सरकार के कोयला सचिव विक्रम देव दत्त दो दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे, जहां उन्होंने बेलगड़िया टाउनशिप समेत कई विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय विस्थापित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं को विस्तार से सुना।
कोयला सचिव ने बेलगड़िया टाउनशिप में नए पुलिस स्टेशन और जेआरडीए कार्यालय का उद्घाटन किया। साथ ही, क्षेत्र के दर्जनों बेरोजगार युवाओं को ई-रिक्शा वितरित कर रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
इस मौके पर कोल मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव, कोल इंडिया के चेयरमैन, बीसीसीएल के सीएमडी, धनबाद डीसी आदित्य रंजन और जेआरडीए के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
विक्रम देव दत्त ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बेलगड़िया को एक मॉडल टाउनशिप बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि विस्थापित परिवारों को बेहतर सुविधाएं और मालिकाना हक उपलब्ध कराया जाएगा।
धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि टाउनशिप में अस्पताल, आंगनवाड़ी केंद्र, स्कूल, सड़क, स्ट्रीट लाइट जैसी प्रमुख सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। यह दौरा धनबाद में चल रहे पुनर्वास और विकास कार्यों को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

