रांची, झारखंड
राजधानी रांची में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और ठंड ने अब दस्तक दे दी है। चक्रवात “मान्था” (Cyclone Maantha) का प्रभाव खत्म होने के बाद आसमान साफ होने लगा है, जिससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पाँच दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। वर्तमान में तापमान सामान्य से लगभग चार डिग्री अधिक है, लेकिन जैसे-जैसे आसमान साफ होगा, रात का तापमान घटकर 15°C तक पहुँच जाएगा। इसके बाद ठंड और कनकनी दोनों बढ़ने लगेंगी।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यदि अगले पंद्रह दिनों में हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी होती है, तो 15 नवंबर के बाद रांची का न्यूनतम तापमान 10°C तक गिर सकता है। इस दौरान सुबह के समय धुंध और कोहरा छाने की संभावना है, जबकि दिन में धूप होने के बावजूद हवा की ठंडक महसूस होगी।
वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में कोई नया मौसमीय सिस्टम नहीं बन रहा है, लेकिन अगर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ तो राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ेगी।
पिछले पाँच वर्षों के आँकड़ों के मुताबिक, नवंबर महीने में रांची का औसतन न्यूनतम तापमान 10°C से 12°C के बीच रहता है। वहीं 2021 में 55.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जो सामान्य से 525% अधिक थी।
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार नवंबर के अंतिम सप्ताह तक ठंड पूरी तरह असर दिखाने लगेगी और राज्य में सर्दी का मौसम आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगा।

