कोईलवर (भोजपुर)। आरा–छपरा फोरलेन पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कंटेनर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सारण जिले के मांझी डुमरी गांव निवासी 21 वर्षीय आकाश कुमार के रूप में हुई, जो पेशे से कंटेनर चालक थे।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, आकाश नागपुर से सामान लोड कर कोलकाता लौट रहे थे। इसी दौरान वे कोईलवर के जमालपुर के पास कंटेनर को सड़क किनारे खड़ा कर रहे थे। अचानक वाहन बिजली के खंभे से टकरा गया। खंभे पर गुजर रहे हाईटेंशन तार कंटेनर के संपर्क में आ गए, जिससे पूरे वाहन में करंट दौड़ गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर के बाद कंटेनर के पिछले हिस्से में आग भी लग गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, डायल 122 की टीम और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।
परिवार में कोहराम
स्वजनों को घटना की जानकारी पुलिस ने दी, जिसके बाद परिवार आरा सदर अस्पताल पहुंचा। आकाश के बड़े भाई अभिषेक कुमार ने बताया कि वह कई सालों से कंटेनर चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। अचानक हुई इस घटना से घर में मातम पसरा है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

