
खूंटी। झारखंड में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खूंटी जिले में अबुआ झारखंड पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और आदिवासी समाज के प्रमुख नेता, पड़हा राजा सोमा मुंडा की बुधवार शाम अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात शहर से सटे जमुआदाग गांव के पास हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमा मुंडा अपनी पत्नी के साथ बाइक से खूंटी से अपने गांव चलागी लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक किया और अचानक गोलियां चला दीं। गोली सोमा मुंडा के सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर बाइक से गिर पड़े।
घटना के बाद उनकी पत्नी किसी तरह ऑटो से खूंटी थाना पहुंची और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सोमा मुंडा को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मंदरूटोली की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है।
सोमा मुंडा जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे और आदिवासी समाज में उनका खास प्रभाव था। उनकी हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

