बुलंदशहर में एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। आरोप है कि एक अज्ञात शख्स ने उसके पिता से संपर्क कर विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का वादा किया और तीन बार में कुल 1.12 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवाए।
रसूलपुर गांव के रहने वाले माजिद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता शाहिद के मोबाइल पर एक व्यक्ति ने कॉल किया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उसकी कंपनी विदेश में युवाओं को नौकरी दिलाती है और आकर्षक वेतन भी मिलता है। भविष्य को देखते हुए पिता ने उस व्यक्ति के बताए अनुसार पैसे भेज दिए।
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी से संबंधित कोई जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने कॉल करने वाले व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन उठाना बंद कर दिया। तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाल शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर की जांच शुरू कर दी गई है।

