धनबाद:
जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) धनबाद के सचिव के निर्देश पर बुधवार को सबलपुर, सहयोगी नगर सेक्टर-3 स्थित ओल्ड एज होम में बुज़ुर्गों के अधिकारों से संबंधित जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था।
शिविर के दौरान आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच आयुष्मान कार्ड, पेंशन कार्ड, हेल्थ कार्ड, आधार कार्ड और राशन कार्ड का वितरण किया गया।
मौके पर मौजूद अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार ने कहा कि आश्रम में आकर और बुज़ुर्गों से मिलकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने बताया कि डालसा सचिव के आदेशानुसार सभी लाभार्थियों के बीच आवश्यक दस्तावेज़ और कार्ड वितरित किए गए ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के ले सकें।
आश्रम के अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद गद्दी ने डालसा की टीम के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्ड वितरण से आश्रम में रह रहे बुज़ुर्गों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने विशेष रूप से डालसा सचिव, नीरज, शैलेंद्र, चंदन और संध्या का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में आश्रम के सह सचिव सुरेंद्र यादव, नीरज गोयल, शैलेंद्र कुमार, चंदन कुमार, संध्या देवी समेत आश्रम के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

