नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम हुए भीषण विस्फोट ने पूरे देश को हिला दिया है। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, इस धमाके में 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि 24 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना स्थल लाल किला क्षेत्र के पास स्थित मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास बताया जा रहा है।
विस्फोट के बाद से सुरक्षा एजेंसियां देशभर में अलर्ट मोड पर हैं। दिल्ली पुलिस ने मामले में UAPA (Unlawful Activities Prevention Act) के तहत एफआईआर दर्ज की है। जांच टीमें विस्फोट के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं, जिसमें आत्मघाती हमले की आशंका भी शामिल है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा,
“मैं दिल्ली ब्लास्ट में मारे गए सभी लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। जांच एजेंसियां पूरी तत्परता से काम कर रही हैं और दोषियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।”
इस बीच, दिल्ली पुलिस ने संदिग्ध कार मालिक को हिरासत में लिया है और डॉ. उमर नामक व्यक्ति के परिवार से पूछताछ जारी है। सुरक्षा कारणों से लाल किला को 13 नवंबर तक पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। आसपास के दो मेट्रो गेट भी एहतियातन सील कर दिए गए हैं।
देशभर में केंद्रीय एजेंसियों और राज्य पुलिस बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जांच अधिकारी हर संभावित कड़ी को जोड़ने की कोशिश में जुटे हैं ताकि हमले की सच्चाई जल्द सामने लाई जा सके।

