धनबाद: ओडिशा की एक फर्जी कंपनी Seez Suppliers Pvt. Ltd. द्वारा झारखंड की सात कंपनियों को केवल कागजों पर सामान बेचने और करोड़ों की फर्जी बिलिंग का मामला सामने आया है। इस फर्जी खरीद का उपयोग कर इन कंपनियों ने अवैध रूप से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ उठाया और आगे इसे अन्य चैनलों को भी पास कर दिया।
ओडिशा राज्य-कर विभाग की ओर से अलर्ट जारी होने के बाद झारखंड राज्य-कर विभाग तुरंत सक्रिय हुआ और जांच शुरू की। धनबाद व जमशेदपुर की संयुक्त टीमों ने संबंधित कंपनियों के खरीद-विक्रय रिकॉर्ड, ई-वे बिल, भुगतान विवरण और टैक्स दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में कई अनियमितताएं सामने आई हैं, जिससे आशंका है कि वास्तविक माल आपूर्ति किए बिना ही सिर्फ कागजी लेन-देन दिखाकर टैक्स का बड़ा फायदा लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, फर्जी कंपनी ने करोड़ों रुपये का फर्जी कारोबार दिखाकर झारखंड की सप्लाई चेन का दुरुपयोग किया। विभाग ने सभी आरोपित कंपनियों से स्पष्टीकरण मांगा है और विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया है।
जिन कंपनियों पर जांच शुरू हुई है:
मधुगरिया एंड कंपनी, चिरकुंडा (धनबाद)
ग्लोबल सोलर सॉल्यूशन, चाईबासा
माज ट्रेडिंग, सिंहभूम
मेसर्स मेहता कंस्ट्रक्शन, आदित्यपुर (जमशेदपुर)
आम्रपाली सर्विसेज, जमशेदपुर
सिटी इंटरप्राइजेज, जमशेदपुर
ऑन स्टेप, जमशेदपुर

