धनबाद (झारखंड) से बड़ी खबर सामने आई है। सरायढेला थाना क्षेत्र में स्थित झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास ‘सिंह मेंशन’ पर रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने बम से हमला कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार अपराधियों ने सिंह मेंशन के अंदर और बाहर सड़क की ओर दो सुतली बम फेंके। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग नींद से जाग गए और घरों से बाहर निकल आए। हालांकि इस हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी पुलिस बल के साथ पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। बंगले और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमले के बाद कुछ लोग काले रंग की कार से मौके से फरार होते दिखाई दिए। पुलिस को शक है कि यह घटना किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है।
फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

