धनबाद (Dhanbad) जिले के विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सशक्त और रोजगारोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त (DC) आदित्य रंजन ने की।
बैठक में बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) के कुलपति, रजिस्ट्रार तथा जिले के 25 कॉलेजों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे। सभी ने मिलकर जिले के छात्रों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर NIELIT (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) के सहयोग से कॉलेजों में डिजिटल लिटरेसी और स्किल डेवलपमेंट का निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू करने के निर्देश दिए गए। योजना के अंतर्गत कॉलेजों में कंप्यूटर लैब की स्थापना, ऑनलाइन कोर्स, फैकल्टी ट्रेनिंग, प्लेसमेंट सपोर्ट और करियर गाइडेंस की सुविधा देने पर सहमति बनी।
DC आदित्य रंजन ने कहा कि आज के समय में डिजिटल शिक्षा बेहद जरूरी है। इससे छात्रों को तकनीकी दक्षता मिलेगी और रोजगार के बेहतर अवसर भी खुलेंगे। उन्होंने सभी कॉलेजों को इस योजना को गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए।
बैठक में NIELIT द्वारा संचालित रोजगारोन्मुखी कोर्स और अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप की जानकारी भी दी गई, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को उच्च शिक्षा में सहयोग मिल सके।

