
धनबाद
रणधीर वर्मा चौक पर अमर शहीद, अशोक चक्र से सम्मानित तथा धनबाद के पूर्व पुलिस अधीक्षक रणधीर प्रसाद वर्मा के 35वें शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धनबाद सांसद ढुलू महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सांसद ढुलू महतो ने शहीद रणधीर वर्मा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके अद्वितीय साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं बलिदान को याद किया।
अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि रणधीर वर्मा धनबाद के ऐसे निर्भीक पुलिस अधिकारी थे, जिन्होंने बैंक लूट की घटना के दौरान खालिस्तानी आतंकवादियों से डटकर मुकाबला किया। मुठभेड़ में उन्होंने तीन आतंकियों को मार गिराया और अंततः देश व कर्तव्य की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।
उन्होंने कहा कि शहीद रणधीर वर्मा का जीवन आज भी युवाओं, पुलिस बल और समाज के लिए प्रेरणा है। ऐसे ईमानदार और साहसी अधिकारियों की बदौलत ही कानून व्यवस्था मजबूत होती है।
श्रद्धांजलि समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे और शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

