धनबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत आज, 26 सितंबर को झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने मनईटांड मंडल क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से मनईटांड स्थित छठ घाट की साफ-सफाई की।
विधायक राज सिन्हा ने स्वयं झाड़ू थामकर सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने खुद कचड़े को एकत्र किया और उसे उठाकर कूड़ेदान में डाला, जिससे स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके।
‘स्वच्छता राष्ट्र की प्रगति के लिए अनिवार्य’
स्वच्छता अभियान के दौरान विधायक सिन्हा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए स्वच्छता के महत्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा, “स्वच्छता केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए भी अनिवार्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प को साकार करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।”
उन्होंने स्थानीय दुकानदारों, युवाओं और महिलाओं से अपील की कि वे अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें।
अभियान में दर्जनों कार्यकर्ताओं की भागीदारी
इस महत्वपूर्ण अभियान में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और समाजसेवी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंडल अध्यक्ष संजय कुशवाहा, मौषम सिंह, दीपक गुप्ता, शीशम राउत, सतीश रजक, अजीत ठाकुर सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक सक्रिय रूप से शामिल हुए। सभी ने विधायक के साथ मिलकर मनईटांड छठ घाट को साफ करने में सहयोग किया।

