धनबाद : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा आयोजित मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की तैयारियां जिले में तेज हो गई हैं। फरवरी में होने वाली इन परीक्षाओं के लिए धनबाद प्रशासन ने सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को प्रारंभ कर दिया है।
इसी क्रम में 24 नवंबर को परीक्षा केंद्र चयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में जिलेभर के स्कूलों की क्षमता, सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा।
इस बार मैट्रिक में करीब 29,514 और इंटरमीडिएट में लगभग 25,450 छात्रों के शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए उपयुक्त और सुरक्षित केंद्रों का चयन किया जाएगा।
इसके साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए भी पांच संभावित केंद्रों का प्रस्ताव भेजा गया है, जिन पर परीक्षा समिति जल्द ही अंतिम निर्णय लेगी।
प्रशासन ने कहा है कि परीक्षाओं को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करवाने के लिए सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।

