22.4 C
Jharkhand
Friday, December 5, 2025

बाल विवाह मुक्त भारत निर्माण को लेकर धनबाद में जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न

 

धनबाद

बाल विवाह उन्मूलन के उद्देश्य से झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट ने बुधवार को उत्सव भवन, धनबाद में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यक्रम जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धनबाद के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न विभागों, सामाजिक संस्थाओं और बाल संरक्षण से जुड़े हितधारकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेहा कश्यप, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष उत्तम मुखर्जी और झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के निदेशक शंकर रवानी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए ज़िप अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना तभी संभव है जब देश पूरी तरह बाल विवाह मुक्त बने। उन्होंने बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से इस अभियान से जुड़ी हैं और जल्द ही धनबाद को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का लक्ष्य पूरा होगा।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेहा कश्यप ने अपनी बात रखते हुए कहा कि विभाग हमेशा बाल विवाह उन्मूलन की दिशा में सक्रिय रहेगा। उन्होंने कहा कि “बालिकाएँ देश का भविष्य हैं, उनका सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने सभी स्टेकहोल्डर्स से मिलकर इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने की अपील की।

बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष उत्तम मुखर्जी ने ट्रस्ट के सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों में जागरूकता अभियान ने गति पकड़ी है।

झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के निदेशक शंकर रवानी ने उपस्थित प्रतिभागियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की 100-दिवसीय विशेष कार्ययोजना के तहत चल रहे “बाल विवाह मुक्त भारत” अभियान की प्रगति पर भी प्रकाश डाला।

कार्यशाला में जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल विवाह निषेध अधिकारियों और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

संबंधित स्टोरीज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ट्रेंडिंग न्यूज़