रांची: झारखंड में छात्रों की छात्रवृत्ति रुके रहने पर जेएलकेएम विधायक टाइगर जयराम महतो ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार चाहे तो उन्हें मिलने वाला लगभग 4 करोड़ रुपये का सरकारी आवास नीलाम कर दे, लेकिन शर्त यह होगी कि नीलामी से मिली पूरी राशि छात्रों की छात्रवृत्ति में इस्तेमाल की जाए।
महतो ने सवाल उठाया कि जब सरकार के पास मंईयां सम्मान योजना चलाने के लिए पैसा है, तो छात्रों की स्कॉलरशिप के लिए फंड क्यों उपलब्ध नहीं हो पा रहा है?
उनका आरोप है कि सरकार हर योजना के लिए बजट निकाल लेती है, लेकिन शिक्षा से जुड़े मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है।
मंत्री चमरा लिंडा ने पहले कहा था कि छात्रवृत्ति इसलिए रुकी है क्योंकि केंद्र से मिलने वाला फंड अभी तक राज्य को प्राप्त नहीं हुआ। इस बयान के जवाब में महतो ने कहा कि यदि महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने के लिए पैसा है, तो छात्रों को उनका हक क्यों नहीं दिया जा रहा?
गौरतलब है कि मंईयां सम्मान योजना के तहत राज्य की महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये मिलते हैं, लेकिन छात्रवृत्ति में देरी होने से सरकार आलोचना के घेरे में है।

