
झरिया
चासनाला सेल परियोजना में हुए एक गंभीर हादसे में हापड़ (मलबा) धंसने से वाहन चालक शंकर वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही विभिन्न यूनियनों के नेता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए।
हादसे के बाद यूनियन नेताओं ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नियोजन (नौकरी) देने की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराया। यूनियन का आरोप है कि यह दुर्घटना मैनेजमेंट और ट्रांसपोर्टर की लापरवाही के कारण हुई है।
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी देखी गई कि घटना के काफी समय बाद तक कोई भी वरीय अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे आक्रोश और बढ़ गया। सूचना मिलने पर पाथरडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक चालक शंकर वर्मा जामाडोमा क्षेत्र का निवासी था। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

