धनबाद: आईआईटी (आईएसएम) के पेनमैन ऑडिटोरियम में सामाजिक संस्था कर्तव्य के 14वें वार्षिकोत्सव ‘प्रकाश–26’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में धनबाद एवं आसपास के कई स्कूलों के 800 से अधिक छात्र-छात्राओं ने विज्ञान, रचनात्मकता और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर डी.वाई. पाटिल इंटरनेशनल स्कूल, धनबाद के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। छात्रों ने बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, पोस्टर मेकिंग और साइंस एग्ज़िबिशन जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर छात्रों ने अपनी रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने किया। इस मौके पर सेल के सीजीएम (सीसीएसओ) राजीव तिवारी, आईआईटी आईएसएम के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा, उप निदेशक प्रो. धीरज कुमार, संस्थान के शिक्षक-अधिकारी और कर्तव्य संस्था के वॉलंटियर्स भी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने कर्तव्य संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए छात्रों से पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने और नवाचार पर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने छात्रों की इस सफलता पर खुशी जताते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

