रांची, झारखंड |
राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बड़ा एनकाउंटर हुआ। जानकारी के अनुसार, पुलिस और अपराधियों के बीच ठाकुरगांव रोड स्थित होचर के आगे मुठभेड़ हुई, जिसमें दो अपराधी गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने मौके से 10 पिस्टल सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, एनकाउंटर के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि पुलिस को इनपुट मिला था कि राहुल दुबे गैंग के कुछ सदस्य रातू इलाके में किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
एनकाउंटर के बाद घायल अपराधियों की पहचान साजन अंसारी और अमित के रूप में हुई है, जो राहुल दुबे गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

