रांची/बेंगलुरु: झारखंड में एक बड़ा साइबर फ्रॉड सामने आया है, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बताकर कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री को फोन किया। यही नहीं, उसी व्यक्ति ने पूर्व राजस्थान सीएम अशोक गहलोत को भी कॉल कर परेशान करने की कोशिश की।
घटना 15 नवंबर की रात करीब 9:50 बजे हुई, जब मोबाइल नंबर 743977614 से किए गए कॉल में कॉलर ने खुद को झारखंड का सीएम बताकर असभ्य तरीके से बात की।
सीएम ऑफिस की शिकायत पर FIR दर्ज
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निजी सचिव जय प्रसाद ने इस घटना को गंभीर मानते हुए रांची के गोंदा थाना में FIR दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया कि कॉल करने वाले ने जानबूझकर सीएम की छवि खराब करने और हाई-प्रोफाइल नेताओं को परेशान करने की कोशिश की।
पुलिस को कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में सौंप दी गई है।
पुलिस की टेक्निकल टीम जांच में सक्रिय
रांची पुलिस मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और सिम कार्ड की जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान कर रही है। ट्रू कॉलर पर यह नंबर “Abhijit New CM Gym PT” नाम से दिख रहा था, जिससे शक और भी गहरा हो गया है।
मुख्यमंत्री सोरेन ने पुलिस को सख्त निर्देश दिया है कि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

