धनबाद : धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया शिवपुरी नगर में दो बंद घरों में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। दोनों घरों के सदस्य सगाई समारोह में शामिल होने के लिए जमशेदपुर गए थे, इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घरों का ताला तोड़ दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरों ने अलमारी, पलंग और अन्य फर्नीचर तोड़कर सोना-चांदी के आभूषण, एक लाख रुपये नकद सहित लगभग 10–15 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। वहीं दूसरे घर से भी करीब 8–10 लाख रुपये के गहने चोरी हुए हैं।
मुख्य सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों में चार नकाबपोश संदिग्धों की तस्वीरें कैद हुई हैं। फुटेज में चोरों को गली से बैग लेकर निकलते हुए साफ देखा जा सकता है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात की गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि पेट्रोलिंग सही तरीके से होती तो इतनी बड़ी वारदात को रोका जा सकता था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।

