जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के व्यस्त बाटा चौक में स्थित जेम्स हाउस नामक रत्न–आभूषण दुकान में शनिवार दोपहर बड़ी चोरी की घटना सामने आई। एक युवक खरीदार बनकर दुकान में घुसा और मौका पाकर शोकेस से कीमती रत्न लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी है।
दुकान मालिक के मुताबिक चोरी के समय वह कुछ देर के लिए बाहर गए थे और कर्मचारी भी दुकान में मौजूद नहीं थे। इसी दौरान आरोपी युवक ने मौका पाकर पोखराज, नीलम, मोती सहित लाखों रुपये कीमत के रत्न झपट लिए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, वहीं लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

