डुमरी (गिरिडीह):
झारखंड राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मंगलवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में रजत जयंती समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस मौके पर झारखंड के संघर्षपूर्ण इतिहास और संस्कृति की समृद्ध विरासत पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम का उद्घाटन सीओ सह प्रभारी बीडीओ शशि भूषण वर्मा, नोडल पदाधिकारी विशाल कुमार, जिप सदस्य बैजनाथ महतो छोटे, आजसू पार्टी की विधानसभा प्रभारी यशोदा देवी, प्रखंड उप प्रमुख उपेंद्र महतो, बीपीओ सुरेंद्र बरनवाल, जेएसएलपीएस बीपीएम अरुण महतो, युवा कांग्रेस जिला महासचिव गुड्डु मलिक, तथा कई जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने झारखंड के संस्कृतिक गौरव, आदिवासी परंपरा और विकास यात्रा पर अपने विचार रखे।
इस दौरान मनरेगा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखिया और पंचायत सचिवों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
महिलाओं के स्व-सहायता समूहों (JSLPS) से जुड़ी सदस्यों ने अतिथियों का तिलक लगाकर और पत्तों से बने टोपी पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी बीडीओ ने बताया कि 11 नवंबर से 15 नवंबर तक पूरे प्रखंड में रजत जयंती सप्ताह के तहत कई जनहितकारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इधर, जामतारा, डुमरी, पोरैया, नगरी, मधगोपाली, कल्हाबार और चैनपुर पंचायतों में भी स्थानीय स्तर पर मुखिया और पंचायत सेवकों के नेतृत्व में समारोह आयोजित किए गए।
मुख्य आकर्षण
दीप प्रज्वलन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा पारंपरिक स्वागत
विकास योजनाओं पर चर्चा

