बिहार के नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। परिवार का पालन-पोषण करने के लिए गांव-गांव घूमकर कपड़ा बेचने वाले एक फेरीवाले की कुछ लोगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान नालंदा जिले के लेहरी थाना क्षेत्र के गगनडीह मोहल्ला निवासी मोहम्मद अतहर हुसैन (उम्र लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है। यह घटना 5 दिसंबर की बताई जा रही है, जब अतहर डुमरी गांव में फेरी लगाने के बाद वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान भट्टा गांव के कुछ युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उनका सामान छीन लिया और फिर लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से बेरहमी से हमला किया। पीड़ित लगातार जान की गुहार लगाते रहे, लेकिन हमलावरों ने उन पर कोई रहम नहीं किया।
मृतक के परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने उनके साथ अत्यंत अमानवीय व्यवहार किया। मारपीट में उनके हाथ-पैर गंभीर रूप से घायल हो गए और एक पैर टूट गया। आरोप है कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने भी उनकी मदद नहीं की। घंटों तक अतहर सड़क किनारे तड़पते रहे।
काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में अतहर को नवादा सदर अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात उनकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। आरोपितों की पहचान की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों की पुष्टि की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा भी दिया गया है।

