पंचेत: पंचेत ओपी क्षेत्र अंतर्गत पतलाबाड़ी इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पंचेत की ओर से बिचाली लदे वाहन आ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से स्कूटी पर सवार तीन युवक तेज रफ्तार में आ रहे थे। अचानक स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सीधे बिचाली लदे वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पंचेत पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पंचेत पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

