नई दिल्ली:
अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) परिषद में भारत ने एक बार फिर मजबूत वापसी की है। 2026-27 के कार्यकाल के लिए भारत को दोबारा निर्वाचित किया गया है। भारत को श्रेणी-B में शामिल किया गया है, जिसमें ऐसे 10 देश होते हैं जिनकी वैश्विक समुद्री व्यापार में बड़ी हिस्सेदारी और महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस बार भारत ने 169 वैध मतों में से 154 मत हासिल किए, जो सभी सदस्य देशों के बीच भारत की बढ़ती विश्वसनीयता और नेतृत्व को दर्शाता है। यह मत संख्या श्रेणी-B में सबसे अधिक रही।
लंदन में आयोजित IMO की 34वीं सभा के दौरान यह चुनाव गुप्त मतदान से संपन्न हुआ। IMO परिषद में कुल 40 सदस्य देश चुने जाते हैं, जिन्हें तीन श्रेणियों—A, B और C—में विभाजित किया जाता है। परिषद संगठन की नीतियों, सुरक्षा मानकों और वैश्विक समुद्री गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि भारत को मिला यह व्यापक समर्थन देश की समुद्री सुरक्षा, व्यापार, बंदरगाह विकास और समुद्री अवसंरचना के क्षेत्र में उसकी सक्रिय भूमिका का प्रमाण है।

