Jammu Tawi: जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम कर दिए गए हैं। यह कदम तब उठाया गया जब सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के आरएस पुरा सेक्टर में एक कबूतर को पकड़ा, जिसके पैर से बंधी पर्ची पर IED ब्लास्ट की धमकी लिखी हुई थी।
अधिकारियों के मुताबिक यह घटना 18 अगस्त की है, जब बीएसएफ जवानों ने खट्मरियां इलाके में अपनी अग्रिम चौकी के पास उड़ते हुए इस कबूतर को देखा। शक होने पर उसे पकड़ लिया गया और जांच की गई। कबूतर के पैर से मिली पर्ची में उर्दू और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में संदेश दर्ज थे। इसमें लिखा था – “कश्मीर हमारा है”, “वक्त आ गया है, आ जाएगा” और “जम्मू स्टेशन IED ब्लास्ट।”
धमकी वाले इस संदेश ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी। कबूतर को तुरंत जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जिसने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि क्या यह कबूतर सीमा पार से छोड़ा गया था या फिर भारत के भीतर से ही इस तरह का प्रयास किया गया।
इस बीच, धमकी के मद्देनज़र जम्मू तवी रेलवे स्टेशन की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। रेलवे पुलिस बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और सिविल कपड़ों में तैनात सुरक्षाकर्मियों को स्टेशन के हर कोने पर चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन पर मॉक ड्रिल कराई जा रही है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नज़र रखी जा रही है।
रेलवे ट्रैक के किनारे भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।
फिलहाल बीएसएफ और अन्य खुफिया एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। शुरुआती तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि धमकी कितनी गंभीर है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे हल्के में लेने के मूड में नहीं हैं। जम्मू तवी रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
Also Read: Tariff: अमेरिकी टैरिफ पर चेतावनी, रूस को भारत में निवेश का न्योता

