रांची: झारखंड सरकार ने युवाओं के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। अब वायरलेस दारोगा (Wireless Daroga) और इंडिया रिजर्व बटालियन (IRB) में आरक्षी (Constable) पदों पर भर्ती के लिए दौड़ में छूट दी गई है।
नई व्यवस्था के तहत पुरुष उम्मीदवारों को अब 1600 मीटर छह मिनट में और महिला उम्मीदवारों को 1600 मीटर दस मिनट में दौड़ पूरी करनी होगी।
पहले उम्मीदवारों को पुरुषों के लिए 10 किलोमीटर 60 मिनट में और महिलाओं के लिए 6 किलोमीटर 60 मिनट में दौड़ना अनिवार्य था। यह संशोधन बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में मंजूर किया गया।
कैबिनेट में कुल 18 प्रस्तावों को मिली मंजूरी
कैबिनेट की बैठक के बाद कैबिनेट की प्रधान सचिव वंदना दादेल ने बताया कि
झारखंड राज्य पुलिस रेडियो में अवर निरीक्षक (वितंतु / वायरलेस सब इंस्पेक्टर) और इंडिया रिजर्व बटालियन में आरक्षी भर्ती के नियमों में बदलाव को मंजूरी दी गई है।
राज्य सरकार इससे पहले उत्पाद सिपाही भर्ती में भी दौड़ के नियमों में बदलाव कर चुकी है।
ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली को भी हरी झंडी
बैठक में तीन नए आपराधिक कानूनों के तहत ई-साक्ष्य (E-Evidence) और ई-समन (E-Summon) प्रणाली को मंजूरी दी गई।
अब जांच अधिकारी किसी अपराध स्थल की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग मोबाइल एप से अपलोड करेंगे। हर केस को एक यूनिक आईडी दी जाएगी, जिससे जांच प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी बनेगी।
मुख्यमंत्री बोले – झारखंड अब बदलाव के दौर में
बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा,
“झारखंड का 25वां स्थापना वर्ष गर्व का विषय है। राज्य अब नई ऊर्जा और सृजनशीलता के साथ विकास की नई ऊँचाइयों को छुएगा।”
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने ज्ञान और क्षमता से राज्य के विकास में भागीदारी निभाएँ।
आने वाले दिनों में राज्य में होंगे कई कार्यक्रम
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सरकार की ओर से कई योजनाओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि
“हमें मिलकर झारखंड को सजाने-संवारने का काम करना होगा ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सशक्त और समृद्ध झारखंड का निर्माण हो।”

