गढ़वा, झारखंड। चिनियां थाना क्षेत्र के कारी-माटी जंगल के पास रविवार की सुबह एक दुखद घटना सामने आई, जहां एक हथिनी की हाई-वोल्टेज करंट के संपर्क में आने से मौत हो गई। घटना से आसपास के गांवों में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार की रात करीब 25–30 हाथियों का झुंड चपकली गांव के पास देखा गया था। झुंड वापस जंगल की ओर लौट रहा था, तभी एक हथिनी सड़क किनारे लगे 11,000 वोल्ट के बिजली पोल से अपना शरीर रगड़ने लगी। इसी दौरान पोल में लगा क्लैंप टूटकर नीचे गिर गया और हथिनी हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हथिनी की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्थल पर पहुंच गए और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रभारी वनपाल अनिमेष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आना प्रतीत होता है। मामले की विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
घटना स्थल पर वन सुरक्षा समिति के सदस्य, स्थानीय प्रतिनिधि और बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

