पूर्वी सिंहभूम जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुसाबनी थाना क्षेत्र के कॉपर टाउनशिप इलाके में खाना बनाने को लेकर हुए विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पुलिस ने बताया कि 45 वर्षीय संजय शर्मा ने विवाद के दौरान अपनी पत्नी निशा शर्मा का गला साड़ी से घोंटकर हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी ने शव को पास की झाड़ियों में फेंक दिया और सबूत मिटाने के लिए इस्तेमाल की गई साड़ी को जला दिया। सोमवार को स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने झाड़ियों से महिला का शव बरामद किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्कल इंस्पेक्टर उमेश ठाकुर के नेतृत्व में एक जांच टीम बनाई गई। पूछताछ में संजय संदेह के घेरे में आया और पुलिस हिरासत में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर जली हुई साड़ी के अवशेष भी बरामद कर लिए गए।
आरोपी मूल रूप से बिहार के सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के बगौरा गांव का निवासी है और मुसाबनी में रह रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

