
HIGHLIGHTS
- धनबाद–भोपाल के बीच नई ट्रेन सेवा को मंजूरी
- सप्ताह में तीन दिन होगा ट्रेन का संचालन
- झारखंड और मध्यप्रदेश के यात्रियों को सीधा फायदा
- कई महत्वपूर्ण जिलों से होकर गुजरेगी ट्रेन
धनबाद।
झारखंड और मध्यप्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। रेलवे मंत्रालय ने धनबाद से भोपाल के बीच नई ट्रेन सेवा को स्वीकृति दे दी है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सहूलियत मिलेगी।
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन संचालित की जाएगी। भोपाल से यह ट्रेन सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को रवाना होगी, जबकि धनबाद से रविवार, बुधवार और शनिवार को भोपाल के लिए चलेगी।
समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन भोपाल से सुबह 7 बजे चलकर अगले दिन सुबह 7:20 बजे धनबाद पहुंचेगी। वहीं वापसी यात्रा में यह ट्रेन धनबाद से रात 8:30 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात 8:55 बजे भोपाल पहुंचेगी।
यह ट्रेन विदिशा, बीना, सागर, कटनी मुरवारा, सिंगरौली, चोपन, डाल्टनगंज, बरवाडीह, लातेहार, बोकारो थर्मल और चंद्रपुरा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन का रखरखाव भोपाल में किया जाएगा और जल्द ही इसे यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा।
इस नई रेल सेवा से व्यापार, शिक्षा, धार्मिक और पारिवारिक यात्राओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

