झारखंड के पलामू प्रमंडल में एक अनोखी घटना सुर्खियों में है, जहाँ एक युवती अपने प्रेमी के घर के बाहर धरने पर बैठ गई। युवती का दावा है कि वह और युवक जून 2025 में घर से भागकर शादी कर चुके हैं, लेकिन कुछ महीनों बाद युवक उसे छोड़कर गायब हो गया।
क्या है पूरा मामला?
गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र की रहने वाली दलित समुदाय की युवती इलाज के सिलसिले में अक्सर हुसैनाबाद आती थी। इसी दौरान उसकी पहचान एक युवक से हुई और दोनों के बीच नज़दीकियाँ बढ़ीं। युवती का कहना है कि वे दोनों जून में घर से भागकर शादी कर लिए थे और करीब 5–6 महीने साथ भी रहे।
लेकिन युवती का आरोप है कि जब उसने अपने भविष्य और संभावित गर्भधारण की बात की, तो युवक उससे दूरी बनाने लगा। कुछ समय बाद वह अचानक उसे छोड़कर अपने घर लौट आया और संपर्क भी बंद कर दिया।
धरने पर बैठकर मांग रही ‘पत्नी’ का हक
रविवार को युवती युवक के घर पहुंची और बाहर धरने पर बैठ गई। वह कह रही थी कि शादी के बाद उसे पत्नी का अधिकार दिया जाए। मामला फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी।
पुलिस ने की कई घंटों तक बातचीत
हुसैनाबाद थाना की महिला पुलिस पदाधिकारी ने युवती से फोन पर लंबी बातचीत कर समझाया कि सड़क पर बैठने से समस्या नहीं सुलझेगी। युवती को कानूनी प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी गई।
काफी देर बाद युवती अपने घर लौटने को तैयार हुई लेकिन उसने यह भी कहा कि वह सोमवार को थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराएगी।
युवक अब भी फरार
थाना प्रभारी का कहना है कि शिकायत मिलते ही जांच शुरू की जाएगी। फिलहाल युवक घर से गायब है और उसकी तलाश जारी है।

