धनबाद में जल्द ही झारखंड अपनी पहली इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत करने जा रहा है। यह पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था राज्य में स्वच्छ और आधुनिक यातायात को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी 28 नवंबर को बेलगड़िया स्थित बीसीसीएल परिसर में इस अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर कोयला सचिव विक्रम दत्त, कोल इंडिया के चेयरमैन सनोज कुमार झा समेत मंत्रालय और बीसीसीएल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
बीसीसीएल की ओर से विस्थापित परिवारों की सुविधा के लिए बेलगड़िया में दो इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिन पर लगभग 2.5 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। ये बसें दिल्ली में सफल संचालन के बाद अब धनबाद के लिए भेजी गई हैं, जहां इन्हें पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चलाया जाएगा।
कोयला मंत्री का यह तीन दिवसीय दौरा झरिया पुनर्वास कार्यों के त्वरित क्रियान्वयन को लेकर बेहद अहम माना जा रहा है। हाल ही में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने झरिया मास्टर प्लान को गति देने के निर्देश जारी किए हैं। इसी वर्ष जून महीने में केंद्र सरकार ने पुनर्वास योजना के लिए 5,940 करोड़ रुपये के संशोधित पैकेज को मंजूरी दी थी।
दौरे के दौरान मंत्री बीसीसीएल और जेआरडीए अधिकारियों के साथ बैठक के अलावा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण भी करेंगे।

